लखनऊ। पत्रकार मोहम्मद तारिक पर हुए जानलेवा हमले और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर शनिवार को विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिमी जोन के डीसीपी से मुलाकात कर गंभीर मुद्दों पर चर्चा की।
डीसीपी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पत्रकारों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार एक-दूसरे के पूरक हैं और पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं को पुलिस गंभीरता से लेती है।
प्रतिनिधिमंडल ने हमले के पीछे कथित आपराधिक नेटवर्क की जांच, मुख्य आरोपी की मोबाइल सीडीआर खंगालने, फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी तथा थाना नाका पुलिस की कथित भूमिका और भ्रामक प्रेस नोट की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
इसके साथ ही चारबाग-नाका क्षेत्र में सक्रिय कथित सिंडिकेट और थाने-चौकियों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की गई।
डीसीपी ने प्राप्त सूचनाओं और सुझावों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए संबंधित क्षेत्रों में अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पत्रकार संगठनों ने उम्मीद जताई कि पुलिस के आश्वासन जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
संदेश स्पष्ट है—पत्रकारों की कलम की आवाज दबाने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पत्रकारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
STAR CRIME NEWS
