मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में विकास कार्यों को लेकर चीफ इंजीनियर से हुई बहस के बाद उठाया आत्मघाती कदम
कानपुर। नगर निगम मुख्यालय मोतीझील में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा के बागी पार्षद पवन गुप्ता ने कथित तौर पर अपनी नस काटने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में विकास कार्य न होने से नाराज पार्षद की नगर निगम के चीफ इंजीनियर से तीखी बहस हो गई थी। इसी के बाद उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
घटना के बाद नगर निगम मुख्यालय में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि कानपुर नगर निगम में महापौर प्रमिला पाण्डेय के खिलाफ भाजपा के कुछ बागी पार्षद पहले से ही मोर्चा खोले हुए हैं। विकास कार्यों और अन्य मुद्दों को लेकर पार्षदों की नाराजगी लगातार सामने आ रही है।
