साढ़ पुलिस ने 24 घंटे में की कार्रवाई, गंभीरपुर गांव के पास मिक्सचर प्लांट से पकड़े गए तीनों आरोपी
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में गोपाल तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास अवस्थी (34), बबली (55) और रमा (30) के रूप में हुई है। दो नवंबर को पुलिस टीम ने गंभीरपुर गांव के पास मिक्सचर प्लांट के नजदीक से तीनों को गिरफ्तार किया।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी और एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस जांच में मामले के पीछे अवैध संबंधों से जुड़ा पहलू भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
