सड़क दुर्घटनाओं में 40 प्रतिशत और हादसों में मौत के मामलों में 30 प्रतिशत तक आई कमी: पुलिस कमिश्नरेट
कानपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को कमिश्नरेट कानपुर नगर में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन टाडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी, पुलिस उपायुक्त यातायात अभय नाथ त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी, गणमान्य नागरिक एवं एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने युवाओं से यातायात जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी
कमिश्नरेट पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निरंतर प्रयासों के चलते सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 40 प्रतिशत और दुर्घटनाओं में मृत्यु के मामलों में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। साथ ही कानपुर नगर देश के सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले शीर्ष-20 जनपदों और उत्तर प्रदेश के शीर्ष-12 जनपदों की सूची से बाहर हुआ है।
पूरे महीने चलेगा जागरूकता अभियान
यातायात माह के दौरान पूरे नवंबर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और विशेष प्रवर्तन अभियानों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को डिजिटल सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और मोबाइल की लत से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
संदेश: सुरक्षित कानपुर, सुव्यवस्थित कानपुर।
