कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में एक युवती ने अस्पताल संचालक पर शादी का झांसा देकर करीब नौ वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी की बात करने पर युवक ने धर्म परिवर्तन करने और मकान उसके नाम कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट, जान से मारने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने की भी शिकायत की गई है।
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2017 में बिठूर स्थित एक अस्पताल में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने और युवक ने शादी का भरोसा देकर अलग-अलग स्थानों पर उसका शोषण किया। युवती ने करीब तीन साल तक अस्पताल में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का भी दावा किया है।
युवती ने आरोपित के चचेरे और ममेरे भाइयों पर भी अश्लील हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा अस्पताल संचालक पर बिना चिकित्सकीय डिग्री के नाम के आगे डॉक्टर लिखकर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया है।
पीड़िता का दावा है कि शादी को लेकर पंजीकृत समझौता होने के बावजूद युवक अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और धमकी दी गई।
अब मामले में पुलिस और उच्च अधिकारियों की जांच अहम है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
STAR CRIME NEWS
खबर वही, जो तथ्य के साथ हो।
