कानपुर। आज के दौर में जहां लोग छोटी-छोटी बातों में अपने स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं, वहीं कानपुर के काकादेव क्षेत्र में बच्चों ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल पेश की है।
मदर टेरेसा स्कूल के तन्मय गौड़, कानपुर पब्लिक स्कूल के वंश गौतम और रावतपुर के अन्य बच्चों को रास्ते में एक मोबाइल फोन पड़ा मिला। बच्चों ने मोबाइल अपने पास रखने के बजाय उसे काकादेव थाना क्षेत्र की पांडु नगर चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी रवि कुमार को सौंप दिया। उन्होंने पुलिस से मोबाइल उसके असली मालिक तक पहुंचाने की अपील की।
बच्चों की ईमानदारी और नेक पहल से प्रभावित चौकी प्रभारी ने उनकी पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया और उनके लिए खाने-पीने का सामान भी मंगवाया।
वहीं, चौकी में तैनात उपनिरीक्षक नारायण पांडेय ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल उसके वास्तविक मालिक शिवा सैनी (15 वर्ष), निवासी सर्वोदय नगर, थाना काकादेव क्षेत्र को वापस दिलाया।
बच्चों की इस पहल ने साबित कर दिया कि ईमानदारी और अच्छे संस्कार आज भी समाज में जीवित हैं। वहीं पुलिसकर्मियों के इस संवेदनशील व्यवहार से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता भी मजबूत होता है।
संदेश: सड़क पर मिली कोई भी वस्तु किसी दूसरे की अमानत होती है। उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाना ही सच्ची इंसानियत और ईमानदारी है।
STAR CRIME NEWS CHANNEL
