कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में महिला से चेन लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की चेन का टुकड़ा, दो पीली धातु की गुरिया, 370 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल व सफेद हेलमेट बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 23 अक्टूबर को एक महिला अपनी बहन के साथ जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी अरीबा नोमान के निर्देशन में चौकी प्रभारी कस्बा सेन विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रायपुर सचेंडी रोड पर ग्राम सेन पूरव पारा के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशुतोष उर्फ लवकुश, निवासी बारैगरा, थाना रसूलाबाद, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
चौकी प्रभारी कस्बा सेन विपिन कुमार, उपनिरीक्षक ललित शर्मा, छत्रपाल सिंह, जमुना यादव और कांस्टेबल राजू शामिल रहे।
STAR CRIME NEWS | कानपुर
