कानपुर। थाना फीलखाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार सुबह करीब 4:54 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना पर लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
फायर सर्विस की टीम ने बिल्डिंग में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इनमें से चार लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की दुखद मौत हो गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।
वाहनों में स्पार्किंग से लगी आग
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, प्रारंभिक निरीक्षण में ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगने की बात सामने आई। आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। जांच में बिल्डिंग में पर्याप्त आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी नहीं मिली।
बिल्डर और जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कराकर जिम्मेदार बिल्डर और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर अनधिकृत एवं असुरक्षित इमारतों को चिन्हित करने, संयुक्त अभियान चलाने और ऐसी इमारतों को सील करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि असुरक्षित इमारतों में संपत्ति खरीदने से बचें।
बाइट: रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त, कानपुर।
साभार: UP Police STAR CRIME NEWS CHANNEL



