कानपुर नगर। शहर की जर्जर सड़कों और निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर जिलाधिकारी ने विजय नगर-दादानगर मार्ग और डबल पुलिया मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि विजय नगर से दादानगर मार्ग पर लगभग 470 मीटर सड़क की मरम्मत का कार्य अभी शेष है। इसमें मेट्रो का करीब 200 मीटर और जल निगम का 270 मीटर का कार्य लंबित है।
वहीं, 785 मीटर लंबे डबल पुलिया मार्ग पर अब तक केवल 170 मीटर सड़क का काम पूरा हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए दीपावली तक एक लेन चालू करने तथा 30 नवंबर तक पूरे मार्ग का निर्माण कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि विभागों के बीच आपसी समन्वय की कमी या टकराव के कारण जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पीडब्ल्यूडी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी मिलने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने साफ संदेश दिया कि सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
✍️ STAR CRIME NEWS CHANNEL
खबर वही, जो सच के साथ!



