रिवेरा ब्रांड के नाम से पैक किया जा रहा था पानी, 312 बोतलें सीज; खाद्य पंजीकरण निरस्त।
कानपुर। पनकी के 1051 बी ब्लॉक में एक घर के अंदर संचालित अवैध RO प्लांट पर खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। यहां आतिश जायसवाल द्वारा रिवेरा ब्रांड के नाम से पानी की पैकिंग किए जाने का मामला सामने आया।
छापेमारी के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने पानी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। साथ ही मौके से 312 बोतल पानी, जिसकी कीमत 6,240 रुपये बताई गई है, सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता (FBO) की सुपुर्दगी में दिया गया।
जांच के दौरान परिसर में पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए कोई लैब नहीं मिली। प्लांट में UV और आयनाइजेशन सिस्टम भी मौजूद नहीं था।
इसके अलावा पैकेजिंग सामग्री का फूड ग्रेड सर्टिफिकेट, कर्मचारियों का मेडिकल रिकॉर्ड, क्लीनिंग रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और लैब टेस्ट रिपोर्ट जैसे जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।
खाद्य विभाग के मुताबिक, शेड्यूल-4B के तहत निर्धारित साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। नियमों की जानकारी और आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव मिलने पर संबंधित खाद्य पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।
सवाल: आखिर बिना जरूरी गुणवत्ता जांच और मानकों के पानी की पैकिंग कर बाजार में कैसे सप्लाई की जा रही थी?
