कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट के बजरिया थाना क्षेत्र में सरकारी कर्मचारी बनकर ऑप्टिकल फाइबर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बजरिया पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 38 फीट लंबाई की 13 ऑप्टिकल फाइबर केबल और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर सरकारी कर्मचारी होने का दिखावा करते हुए करोड़ीलाल पार्क के सामने सीवर चैंबर में लगी ऑप्टिकल फाइबर केबल काट रहे हैं।
सूचना मिलते ही बजरिया पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मौके से चार आरोपियों इश्तखार, मुस्फीक, मोहम्मद अमजद और अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बजरिया में मुकदमा संख्या 160/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 303(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में बजरिया थाना प्रभारी अरविंद शर्मा, उपनिरीक्षक गणेश परासर, सर्विलांस टीम प्रभारी लोकेंद्र सिंह, लव कुश मिश्रा, नवीन कुमार, पंकज सिंह और राहुल अग्रहरि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
STAR CRIME NEWS CHANNEL
खबर वही, जो हो तथ्यों के साथ।
