कानपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। 24 और 25 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान में विभागीय टीमों ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं भंडारण व्यवस्था की जांच की।
दो दिनों के भीतर कुल 27 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर 19 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 3 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
विभाग की इस कार्रवाई से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
📍 कानपुर नगर | STAR CRIME NEWS CHANNEL

